महमूदाबाद (सीतापुर)03/04/2026अनुज कुमार जैन राज्य चीफ ब्यूरो
सीतापुर जनपद के पहला विकास खंड अंतर्गत मोहम्मदपुर कलां गांव की बेटी पूर्णिमा सिंह यादव ने UPPCS अंतिम परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव व आसपास के क्षेत्रों में खुशी की लहर दौड़ गई है।

सफलता के बाद पूर्णिमा सबसे पहले अपने ननिहाल फिरोजपुर पहुंचीं, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। उनके मामा गंगा राम यादव व ममेरे भाइयों विनीत यादव, अमित यादव और सोनित यादव ने फूल-मालाओं व गुलदस्तों के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। इस दौरान पूर्णिमा को लड्डुओं से तौलकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। परिवारजनों ने बैंड-बाजे के साथ स्वागत कर खुशी जाहिर की।
इस अवसर पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। महमूदाबाद के पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा, पहला ब्लॉक प्रमुख राघवेंद्र सिंह उर्फ अजय यादव, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उपेंद्र सिंह यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पूर्णिमा को बधाई व शुभकामनाएं दीं।

ननिहाल में स्वागत के बाद पूर्णिमा पहाड़पुर स्थित खाटू श्याम बाबा मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान यूथ फार्मासिस्ट फेडरेशन सीतापुर के जिलाध्यक्ष व समाजसेवी रंजीत यादव ‘रिशू’ ने उन्हें रानी लक्ष्मीबाई का चित्र भेंट कर सम्मानित किया।
इसके बाद जब पूर्णिमा अपने पैतृक गांव मोहम्मदपुर कलां पहुंचीं तो वहां भी ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया।
पूर्णिमा ने अपनी सफलता का श्रेय अपने स्वर्गीय पिता नरेंद्र सिंह यादव, माता नीलम सिंह यादव, भाइयों और गुरुजनों को दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास का परिणाम है। साथ ही युवाओं को संदेश दिया कि मजबूत इरादों के साथ मेहनत की जाए तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता।

