RAJA KA TALAB/19JAN/2026/खेल संवाददाता Sarup Singh

ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत मैरा में बुसकाडा़ पुल के पास स्थित खेल मैदान में एकदिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चला। प्रतियोगिता का आयोजन अरमान बडवाल द्वारा अपने दादा स्वर्गीय सूबेदार ज्ञान सिंह बडवाल की स्मृति में करवाया गया।POPI
आयोजक अरमान बडवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में क्षेत्र की करीब 20 टीमों ने भाग लिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ वायुसेना से सेवानिवृत्त अधिकारी दिलवर सिंह हीरा ने किया, जबकि समापन समारोह में समाजसेवी पुनीत कुमार महाजन ने विशेष रूप से शिरकत की।
सेमीफाइनल मुकाबलों में पहला मैच शाहपुर और सोलधा टीम के बीच खेला गया, जिसमें शाहपुर टीम ने जीत दर्ज की। दूसरा सेमीफाइनल फौजी क्लब रैहन और लाहडूं टीम के बीच हुआ, जिसमें लाहडूं टीम विजयी रही। फाइनल मुकाबला शाहपुर और लाहडूं टीम के बीच खेला गया, जिसमें शानदार प्रदर्शन करते हुए शाहपुर टीम ने खिताब अपने नाम किया, जबकि लाहडूं टीम उपविजेता रही।

विजेता शाहपुर टीम को 7100 रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, वहीं उपविजेता लाहडूं टीम को 5100 रुपये नकद व ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाले अन्य खिलाड़ियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि दिलवर सिंह हीरा ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के युवा छोटे-छोटे मैदानों से निकलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर रहे हैं। ऐसे ही ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे आकर खेलों में ऊंचाइयों को छूते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल और अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

