महमूदाबाद (सीतापुर),2/10/2025/प्रदेश राज्य चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर सोमवार को आदर्श नगर पालिका परिषद में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष आमिर अराफात, सभासदों, पालिका कर्मियों और नगरवासियों ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी

कार्यक्रम की शुरुआत गांधी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अध्यक्ष आमिर अराफात ने कहा,
“सत्य, अहिंसा, शांति और समरसता का अमर संदेश संपूर्ण विश्व को देने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती पर हम उन्हें शत-शत नमन करते हैं। उनके विचार आज भी समाज को सही दिशा दिखा रहे हैं।”

इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष ने उपस्थित नगरवासियों के साथ स्वच्छता का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि गांधी जी का सपना स्वच्छ और स्वस्थ भारत का था,
जिसे साकार करने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा। साथ ही उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

कार्यक्रम में सभासदों, नगर पालिका कर्मियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया। अंत में राष्ट्रगान के साथ गांधी जी के विचारों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।
अध्यक्ष आमिर अराफात ने कहा,
“गांधी जी की शिक्षाएं हमें भाईचारे, सौहार्द और अहिंसा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। हमें उनके बताए आदर्शों को अपने जीवन में उतारना चाहिए।”

