मंडी, 28 अअगस्त 2025, न्यूज़ इंडिया आजतक, जिला चीफ़ व्यूरो

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंद्रेश में खण्ड चिकित्सा अधिकारी बलद्वाड़ा डॉक्टर अनिल कुमार के सौजन्य से नेत्र देखभाल पखवाड़ा मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अश्वनी पायल ने की। इस अवसर पर डॉ. बिक्रम सिंह ने विद्यार्थियों को आंखों की संरचना और उनकी बीमारियों के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आंख हमारे शरीर का बेहद नाजुक अंग है और किसी भी प्रकार की दवाई बिना चिकित्सक की सलाह के आंखों में डालना खतरनाक हो सकता है। गलत दवाई आंखों की रोशनी छीन सकती है।

कार्यक्रम में प्रशिक्षित स्वास्थ्य शिक्षक अचला कुमारी ने विद्यार्थियों और लोगों को नेत्र देखभाल के विषय “कोर्निया, अंधापन, नेत्रदान एवं प्रत्यारोपण” के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेत्रदान महादान है, क्योंकि इससे बढ़कर कोई दान नहीं है। यह दान मरणोपरांत किया जाता है और इससे अंधेपन से पीड़ित लोगों को फिर से जीवन में रोशनी मिल सकती है।
अचला कुमारी ने बच्चों को आंखों से जुड़ी बीमारियों और उनकी रोकथाम के उपाय भी बताए। उन्होंने नियमित आंखों की जांच करवाने, संतुलित आहार लेने और धूप से आंखों की सुरक्षा रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही उन्होंने मोतियाबिंद, ग्लूकोमा और आई फ्लू जैसी आम बीमारियों के बारे में जागरूक किया। बच्चों ने भी इस अवसर पर नेत्र सुरक्षा से जुड़े सवालों के उत्तर देकर उत्साह दिखाया।
इस पखवाड़े के अंतर्गत स्कूल में भाषण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। भाषण प्रतियोगिता में नेहा शर्मा ने प्रथम, शनवी गुप्ता ने द्वितीय और भारती ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में तुषार शर्मा प्रथम, हरीश द्वितीय और नवीन कुमार तृतीय रहे। कार्यक्रम में स्कूल के अध्यापक और लगभग 175 विद्यार्थी मौजूद रहे और सभी ने आंखों की देखभाल के महत्व को समझते हुए संकल्प लिया कि वे इस संदेश को समाज में भी फैलाएंगे।

