नगर पालिका, सभासद संघ और पत्रकार यूनियन के पदाधिकारियों ने एकजुट होकर फहराया तिरंगा, सरदार पटेल को अर्पित की श्रद्धांजलि

महमूदाबाद, सीतापुर:स्थानीय रामकुंड चौराहा स्थित लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा के समक्ष यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के तत्वावधान में गरिमामयी वातावरण के बीच सामूहिक ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद, सभासद संघ एवं पत्रकार यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने एकजुट होकर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया तथा राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी पवन किशोर मौर्या, सभासद संघ के पदाधिकारियों एवं पत्रकार यूनियन के सदस्यों ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण किया।

इसके बाद उपस्थित लोगों ने सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर देश की एकता, अखंडता और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को नमन किया।

इस अवसर पर ईओ पवन किशोर मौर्या ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने और देशसेवा के प्रति समर्पित होने की प्रेरणा देते हैं। पत्रकारिता जगत, नगर पालिका एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों का यह साझा प्रयास आपसी समन्वय और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करता है।

ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद उपस्थित सभासदों, पत्रकारों एवं नगर पालिका कर्मियों ने एक-दूसरे को मिष्ठान खिलाकर राष्ट्रीय पर्व की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में यूपी वर्किंग जर्नलिस्ट यूनियन के अध्यक्ष अनुज कुमार जैन सहित यूनियन के समस्त पदाधिकारी एवं सदस्य, नगर पालिका के विभिन्न वार्डों के सभासद तथा गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन पर यूनियन अध्यक्ष अनुज कुमार जैन ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उपहार देकर सम्मानित किया।

