न्यूज इंडिया आजतक लगातार नशे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई और समाज को प्रभावित करने वाले हर बड़े घटनाक्रम पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है।
न्यूज इंडिया आजतक , क्राइम रिपोर्टर न्यूज़
डेस्क संपादक: राम प्रकाश वत्स
नूरपुर:नशे के खिलाफ छेड़े गए अभियान के तहत नूरपुर पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस थाना डमटाल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर गांव छन्नी में एक मकान पर दबिश देकर 11 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद किया है। मामले में पुलिस ने एक महिला और उसके दामाद के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 15 जुलाई 2026 को थाना डमटाल की टीम नियमित गश्त एवं नशीले पदार्थों की रोकथाम के अभियान पर थी। इसी दौरान विश्वसनीय सूचना मिली कि गांव छन्नी निवासी पिंकी अपने दामाद आकाशदीप के साथ मिलकर घर से ही चिट्टा बेचने का अवैध कारोबार चला रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान पहली मंजिल पर बने कमरे में लकड़ी की अलमारी के पास रखे प्लास्टिक स्टैंड की ट्रे से एक काले रंग का लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफे में मिले संदिग्ध पाउडर की ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर उसके हेरोइन (चिट्टा) होने की पुष्टि हुई। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा 11 ग्राम पाई गई, जिसे पुलिस ने विधिवत सील कर कब्जे में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पिंकी (36 वर्ष), निवासी गांव छन्नी, तहसील इंदौरा (कांगड़ा) तथा आकाशदीप (26 वर्ष), निवासी गांव महताबपुर, तहसील मुकेरियां (होशियारपुर, पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस थाना डमटाल में एफआईआर संख्या 121/2026 के तहत धारा 21 एवं 29, एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद चिट्टा कहां से लाया गया था, इसकी सप्लाई किन-किन क्षेत्रों में की जानी थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्कर कौन हैं। नूरपुर पुलिस का कहना है कि नशा तस्करी के पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

