नूरपुर। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और प्रभावी बनाते हुए पुलिस जिला नूरपुर ने शनिवार, 4 जुलाई 2026 को कूरियर सेवाओं के माध्यम से मादक पदार्थों की संभावित तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से विशेष राज्य स्तरीय अभियान (Phase-II, Part-1) चलाया।

अभियान के तहत जिले के सभी कूरियर कार्यालयों, हब, गोदामों तथा पार्सल डिलीवरी नेटवर्क की स्थानीय पुलिस, सीआईए और एसटीएफ की संयुक्त टीमों ने सघन जांच की।

न क्षेत्रों में कूरियर गोदाम उपलब्ध नहीं थे, वहां डिलीवरी कर्मियों के बैग और पार्सलों की भी बारीकी से जांच की गई। इस दौरान बुकिंग रजिस्टर, पार्सल रिकॉर्ड, स्टोरेज एरिया, सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, लॉगबुक, सुरक्षा प्रमाणपत्र और ग्राहकों के केवाईसी दस्तावेजों का गहन सत्यापन किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने कूरियर संचालकों, प्रबंधकों और डिलीवरी स्टाफ को जागरूक करते हुए निर्देश दिए कि सभी रिकॉर्ड पारदर्शी रखें तथा किसी भी संदिग्ध पार्सल या गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस को दें।

दिनभर चले इस व्यापक अभियान के दौरान किसी भी कूरियर केंद्र, गोदाम या पार्सल से कोई नशीला पदार्थ, प्रतिबंधित सामग्री अथवा अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य पाई गई और नियमों के उल्लंघन का कोई मामला सामने नहीं आया।

पुलिस जिला नूरपुर ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे के जाल से बचाने और कूरियर सेवाओं के दुरुपयोग पर रोक लगाने के लिए इस प्रकार के औचक निरीक्षण और सतर्कता अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

