हिमाचल प्रदेश डायरी -राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
👉हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड से वर्ष 2025-26 में 10वीं और 12वीं पास करने वाले करीब 6500 मेधावियों को छह प्रकार की छात्रवृत्तियां मिलेंगी। उच्च शिक्षा विभाग ने इसका नोटिफिकेशन और चयनित विद्यार्थियों की सूची जारी कर दी है। 10वीं के 2000 छात्रों को स्वामी विवेकानंद योजना के तहत 18-18 हजार, एसटी वर्ग के 200 छात्रों को टीएस नेगी योजना से 11-11 हजार, एससी व ओबीसी वर्ग के 2250 छात्रों को 18-18 हजार मिलेंगे। 12वीं में कल्पना चावला योजना से 2000 छात्राओं और इंदिरा गांधी योजना से चुनिंदा छात्रों को लाभ मिले
👉हिमाचल प्रदेश में अक्तूबर की शुरुआत में ही बर्फबारी शुरू हो गई है। लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और चम्बा के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी से चारों ओर सफेदी छा गई है, जबकि शिमला सहित मैदानी क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। पश्चिमी विक्षोभ के असर से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
👉शिमला के संजौली मस्जिद मामले में वक्फ बोर्ड और मस्जिद कमेटी को जिला अदालत से राहत नहीं मिली है। अदालत ने अतिरिक्त समय देने से इंकार करते हुए 30 अक्टूबर को फैसला सुनाने के आदेश दिए हैं। यह मामला नगर निगम आयुक्त के उस आदेश से जुड़ा है, जिसमें मस्जिद की निचली दो मंजिलों को अवैध घोषित कर गिराने के निर्देश दिए गए थे। वक्फ बोर्ड ने इस फैसले को अदालत में चुनौती दी है।
👉हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (HPCA) ने महिला सीनियर टीम की घोषणा की है, जो बीसीसीआई महिला सीनियर टी-20 एलीट टूर्नामेंट 2025-26 में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगी। टीम की कप्तान सुषमा वर्मा (शिमला) होंगी। 16 सदस्यीय टीम में विभिन्न जिलों की खिलाड़ी शामिल हैं। पहला मुकाबला 8 अक्टूबर को ग्वालियर में कर्नाटक के खिलाफ होगा। HPCA सचिव अवनीश परमार ने टीम को शुभकामनाएँ दीं और उत्कृष्ट प्रदर्शन की उम्मीद जताई है।
👉मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कनाडा में रह रहे भारतीय प्रवासियों को हिमाचल प्रदेश में निवेश के अवसर तलाशने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि विदेशों में रह रहे हिमाचली राज्य के सच्चे ब्रांड एम्बैसडर हैं। सुक्खू ओटावा स्थित संसद हिल पर आयोजित कुल्लू दशहरा समारोह में वर्चुअल जुड़े। कार्यक्रम में हिमाचली नाटी, रामलीला और धाम प्रमुख आकर्षण रहे। मुख्यमंत्री ने आयोजकों और प्रवासी समुदाय को संस्कृति के प्रसार के लिए धन्यवाद दिया।
👉हिमाचल प्रदेश सरकार 8 अक्तूबर से पांगी घाटी में प्राकृतिक जौ की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य 60 रुपये प्रति किलोग्राम पर शुरू करेगी। पांच केंद्रों पर 80 किसान पंजीकृत हैं। सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा दे रही है और प्रदेशभर से गेहूं भी खरीदा गया। विभिन्न फसलों के लिए एमएसपी तय किए गए हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था सशक्त करने के लिए दूध प्रोत्साहन और परिवहन सब्सिडी योजनाओं की भी शुरुआत की।
👉शिमला- हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे ऊना के उप-जिलाधिकारी विश्व मोहन देव चौहान को अग्रिम जमानत दे दी। अदालत ने उन्हें पुलिस जांच में शामिल होने का आदेश दिया और मामले की अगली सुनवाई 16 अक्तूबर तय की। साथ ही, पुलिस को उसी दिन जांच की स्थिति रिपोर्ट पेश करने का निर्देश भी दिया गया
👉पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक विपिन सिंह परमार ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि “वोट चोर अभियान” कांग्रेस की हताशा का परिणाम है और असली वोट चोरी के जिम्मेदार राहुल गांधी स्वयं हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू और कांग्रेस नेताओं पर कई वोटिंग गड़बड़ियों के आरोप लगाए। परमार ने कांग्रेस मीडिया प्रमुख पवन खेड़ा के दो Epic-ID होने का खुलासा किया और इसे वोटर फ्रॉड का प्रमाण बताया। उन्होंने राहुल गांधी से देश से माफी मांगने की मांग की और आरोप लगाया कि कांग्रेस गरीबों और वंचितों को अपमानित करते हुए घुसपैठियों और वोट फ्रॉड की राजनीति कर रही है।
👉शिमला- मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में बुखार और किडनी फेल होने से नौ बच्चों की मौत के बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी में बनी नेक्सा डीएस कफ सिरप की जांच की गई। रिपोर्ट में पाया गया कि बच्चों की मौत इस सिरप से नहीं हुई। पहले स्वास्थ्य विभाग ने नेक्सा डीएस और मध्य प्रदेश भेजे जाने वाले अन्य सिरप के उत्पादन पर प्रतिबंध लगा दिया था। जांच में नमूने पास होने के बाद अब नेक्सा डीएस पर से प्रतिबंध हटा लिया गया। वहीं, तमिलनाडु के कोल्ड्रिफ सिरप के नमूने घटिया पाए जाने पर उस पर प्रतिबंध लगा दिया गया।
👉शिमला/कुल्लू/अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव के चौथे दिन भगवान नरसिंह की तीसरी जलेब यात्रा ढालपुर में निकली। डेढ़ घंटे तक चली इस परिक्रमा में सैंज घाटी के सोने-चांदी के आभूषणों से सुसज्जित देवी-देवता भगवान नरसिंह के साथ सुरक्षा सूत्र बांधते हुए घूमे। यात्रा में देश-दुनिया से आए हजारों श्रद्धालु साक्षी बने। राजा की चानणी से शुरू हुई यात्रा पुराने एसबीआई मैदान व अस्थायी शिविरों से होकर पुन: राजा की चानणी पर संपन्न हुई। इस बार सैंज घाटी के सात देवी-देवताओं ने भाग लिया।
👉भरमौर—प्राथमिक शिक्षा का पूर्ण नियंत्रण प्रधानाचार्यों के अधीन लाने के फैसले के खिलाफ प्राथमिक शिक्षक संघ रविवार को सड़क पर उतर आया। भरमौर व गरोला खंड इकाई ने उपमंडल मुख्यालय में रोष प्रदर्शन किया और सरकार व शिक्षा विभाग के इस कदम को प्राथमिक शिक्षकों के लिए कुठाराघात बताया। संघ ने एडीएम भरमौर कुलवीर सिंह राणा के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर अधिसूचना वापस लेने की मांग की। संघ नेताओं रमेश चंद शर्मा और उत्तम ठाकुर ने कहा कि शिक्षा विभाग ने सितंबर 2025 में नई अधिसूचना जारी की, जबकि नवंबर 2023 में क्लस्टर निर्माण की अधिसूचना पहले ही लागू हो चुकी थी।

