संपादक राम प्रकाश वत्स ——-दिनांक 05 अक्तूबर 2025 रविवार
News 1
हिमाचल प्रदेश राज्य चुनाव आयोग ने पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूचियों की तैयारी का कार्यक्रम जारी किया है। मतदाता पात्रता की आधार तिथि 1 अक्तूबर 2025 तय की गई है, जिससे उस दिन तक 18 वर्ष पूर्ण करने वाले युवा भी वोट बना सकेंगे। प्रारंभिक सूचियां 6 अक्तूबर को जारी होंगी। दावे-आपत्तियां 8 से 17 अक्तूबर तक ली जाएंगी और उन पर निर्णय 27 अक्तूबर तक होगा। अपीलें 3 नवंबर तक दायर कर 10 नवंबर तक निपटाई जाएंगी। अंतिम मतदाता सूची 13 नवंबर 2025 को प्रकाशित होगी। आयोग ने दावे-आपत्तियां व्यक्तिगत, डाक या प्रतिनिधि के माध्यम से दाखिल करने की अनुमति दी है।
News 2
हिमाचल के जननेता वीरभद्र सिंह की छह फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण 13 अक्तूबर 20१5 को शिमला के रिज पर होगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, प्रतिभा सिंह सहित कांग्रेस के कई नेता मौजूद रहेंगे। प्रियंका गांधी व रजनी पाटिल के आने की पुष्टि है, जबकि सोनिया गांधी का आना स्वास्थ्य पर निर्भर करेगा।
News 3
कांगड़ा जिले के जसूर में शनिवार रात एक दर्दनाक हादसे में 34 वर्षीय दुकानदार अनूप की मौत हो गई। अनूप जसूर मंडी में दुकान चलाते थे और घर लौटते समय उनकी कार सिनेमा हाल के पास अनियंत्रित होकर करीब 120 फीट गहरी गरेली खड्ड में जा गिरी। हादसे का पता रविवार सुबह लगा जब लोगों ने खड्ड में कार देखी और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
News 4
शिमला। शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने हाल ही में सामने आई घटनाओं को गंभीर अनुशासनहीनता करार देते हुए कहा कि राज्य के सभी शिक्षण संस्थानों में प्रशासनिक अनुशासन, वित्तीय नियमों का पालन और संस्थागत ईमानदारी बनाए रखना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही, ढीलापन या आधिकारिक जिम्मेदारियों के प्रति उपेक्षा का कोई भी कार्य, जो शिक्षा विभाग की छवि को नुकसान पहुंचाएगा, बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोहली ने सभी शिक्षा अधिकारियों, प्रधानाचार्यों और स्टाफ को निर्देश दिए हैं कि सरकारी दस्तावेजों, विशेष रूप से वित्तीय मामलों में, सटीकता, जवाबदेही और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि विभाग विद्यार्थियों के भविष्य और जनविश्वास से जुड़ा है, इसलिए हर स्तर पर नैतिक जिम्मेदारी और कार्यकुशलता सुनिश्चित की जानी चाहिए। शिक्षा निदेशक ने यह भी संकेत दिया कि अनुशासनहीनता पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
News 5
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रविवार सुबह ताजा बर्फबारी हुई, जिससे ठंड बढ़ गई और जनजीवन प्रभावित हुआ। रोहतांग दर्रे, धौलाधार पर्वतमाला और लाहौल घाटी में बर्फबारी के कारण न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। कुल्लू प्रशासन ने रोहतांग दर्रे पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है और यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
news 6
मंडी में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा नेता और पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार केंद्र से मिले फंड को खर्च नहीं कर पा रही और उसे वापस लौटा रही है। ठाकुर ने बताया कि मातृ शिशु सुरक्षा योजना के लिए केंद्र ने 123 करोड़ रुपए दिए थे, लेकिन सरकार ने उसका उपयोग नहीं किया। वित्तीय वर्ष 2024-25 में स्वास्थ्य विभाग को मिले 954 करोड़ में से आधा बजट भी खर्च नहीं हुआ। उन्होंने सवाल उठाया कि इस निकम्मेपन के लिए कौन जिम्मेदार है और सरकार से विकास पर ध्यान देने की अपील की।
News 7
हिमाचल प्रदेश स्कूल लेक्चरर संघ की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक प्रदेश प्रधान अजय नेगी की अध्यक्षता में भट्ठा कूफर में संपन्न हुई। मुख्य मीडिया सचिव राजन शर्मा ने बताया कि बैठक में लंबित मामलों और मांगों पर चर्चा हुई, जिनमें प्रिंसिपल पदोन्नति सूची जारी करना, डीए भुगतान, इंक्रीमेंट राहत, क्लस्टर सिस्टम और सौ प्रतिशत प्रमोशन हिस्सेदारी शामिल हैं।
News 8
कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल (वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से) शामिल हुए। सह-संयोजक कुलदीप सिंह राठौर ने बताया कि सभी जिलों में विधायक हस्ताक्षर अभियान के तहत 13 अक्टूबर को ये हस्ताक्षर प्रियंका गांधी वाड्रा को सौंपे जाएंगे। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में गड़बड़ी और “वोट चोरी” के खिलाफ लोगों को जागरूक करना है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि 12 जिलों में एक लाख हस्ताक्षर जुटाए जाएंगे और राष्ट्रीय स्तर पर पांच करोड़ हस्ताक्षरों का लक्ष्य रखा गया है। कंट्रोल रूम और जिला प्रभारी नियुक्त किए गए हैं।
News 9
हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिनों तक भारी बारिश और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, 5 से 7 अक्तूबर के दौरान बारिश सबसे अधिक रहने की संभावना है, जिसमें 6 अक्तूबर को तीव्रता चरम पर होगी। 4 से 7 अक्तूबर के बीच तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना भी है। विभिन्न जिलों के लिए अलर्ट जारी किए गए हैं। 5 और 7 अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और लाहौल-स्पीति में येलो अलर्ट है, जबकि 6 अक्तूबर को कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश और बर्फबारी के लिए ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
News 10
हमीरपुर में कर्मचारी कल्याण संगठन की बैठक में प्रधान हुकुम चंद शर्मा ने अगस्त माह की पेंशन केवल आधे पेंशनरों के खाते में जाने पर विरोध जताया। पेंशन, भत्ते और चिकित्सा बिलों के भुगतान की मांग की गई। 15 अक्तूबर को शिमला में जेसीसी के बैनर तले विशाल धरना आयोजित किया जाएगा। 2016-2022 सेवानिवृत कर्मचारियों के एरियर भी जारी करने की मांग की गई।
News 11
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) बिलासपुर में एक नया एमरजेंसी ट्रॉमा सेंटर बनाया जाएगा। इसके लिए लगभग 350 करोड़ रुपए का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा गया है। एमरजेंसी ओपीडी में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। एम्स में 750 बिस्तरों वाला रोगी वार्ड और 40 विभागों वाला आउटडोर विभाग कार्यरत है। यहां अत्याधुनिक एमआरआई, सीटी, पीईटी-सीटी, एंडोस्कोपी, क्रिटिकल केयर और शिशु गहन चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। नए सॉफ्टवेयर के तहत पर्ची प्रणाली सुधारी गई है और बुजुर्गों के लिए पार्किंग के पास सहायता काउंटर बनाए जाएंगे।

