
नूरपुर से विनय महाजन: राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर की रोड सेफ्टी क्लब एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से नए मोटर वाहन अधिनियम के विषय कार्यकारी प्राचार्य डॉ राकेश कुमार की अध्यक्षता में जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा तथा मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के प्रति जागरूक करना था। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों को सड़क दुर्घटनाओं से बचाव, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने तथा नशे की हालत में वाहन न चलाने के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।इस अवसर पर विद्यार्थियों को मोटर वाहन अधिनियम के अंतर्गत यातायात नियमों के उल्लंघन पर होने वाली कानूनी कार्रवाई एवं दंड के प्रावधानों से भी अवगत करवाया गया। वक्ता ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल कानून का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें तथा समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।महाविद्यालय की रोड सेफ्टी क्लब के संयोजक मंजीत सिंह एवं NSS इकाई के प्रभारी सुरजीत सिंह ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए उपयोगी बताया। इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम युवाओं में कानूनी समझ विकसित करने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने तथा जिम्मेदार नागरिक बनने के संदेश के साथ हुआ। इस कार्यक्रम में 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया

