
महमूदाबाद कोतवाली में पुलिस के सामने युवक ने ब्लेड से काटी गर्दन, ट्रामा सेंटर रेफर
पटाखे की चिंगारी से लड़की के बाल जलने के बाद हुआ था विवाद, समझौते के लिए थाने बुलाए गए थे दोनों पक्ष
महमूदाबाद, सीतापुर। महमूदाबाद कोतवाली में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पटाखे चलाने को लेकर चल रहे विवाद में समझौते के लिए बुलाए गए एक युवक ने पुलिस की मौजूदगी में कथित तौर पर जेब से ब्लेड निकालकर अपनी गर्दन पर वार कर लिया। गर्दन पर गहरा घाव होने के बाद युवक को तत्काल सीएचसी महमूदाबाद ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक युवक की हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।पुलिस क्षेत्राधिकारी वेदप्रकाश श्रीवास्तव के अनुसार, 23 अगस्त की शाम करीब सात बजे मोतीपुर निवासी राहुल प्रजापति अपने घर के सामने पटाखे जला रहा था। इसी दौरान पटाखे की चिंगारी पड़ोस में रहने वाली नीलम प्रजापति की पुत्री के बालों पर जा लगी, जिससे उसके कुछ बाल जल गए। घटना को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया।
नीलम की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को मामले के निस्तारण और बातचीत के लिए कोतवाली बुलाया था। पुलिस के अनुसार, थाने में बातचीत के दौरान जब नीलम ने मुकदमा दर्ज कराने की बात कही तो राहुल प्रजापति ने अचानक जेब से छोटा ब्लेड निकाला और अपनी गर्दन पर वार कर लिया।घटना के बाद कोतवाली परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
हालांकि, घटना को लेकर सामने आए अलग-अलग दावों में विरोधाभास भी है। युवक की ओर से कथित तौर पर दूसरे पक्ष द्वारा ब्लेड से हमला किए जाने का आरोप लगाया गया है, जबकि पुलिस क्षेत्राधिकारी ने स्पष्ट किया है कि उपलब्ध प्रारंभिक जानकारी के अनुसार राहुल ने स्वयं ब्लेड से अपनी गर्दन पर वार किया।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम है

