Reading: जवाली की देहर खड्ड में दर्दनाक हादसा: 12वीं के छात्र की डूबने से मौत, गांव में मातम

जवाली की देहर खड्ड में दर्दनाक हादसा: 12वीं के छात्र की डूबने से मौत, गांव में मातम

RamParkash Vats
3 Min Read

संकेतिक चित्र

न्यूज इंडिया आजतक संपादक राम प्रकाश वत्स

कांगड़ा जिले के जवाली उपमंडल से एक बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस थाना जवाली के अंतर्गत देहर खड्ड में नहाने गए 12वीं कक्षा के एक छात्र की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे कर्डियाल गांव में शोक की लहर फैल गई है, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक की पहचान 17 वर्षीय वंश पुत्र सुमेर नाथ निवासी गांव कर्डियाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार वंश 12वीं कक्षा का छात्र था और अपने दो दोस्तों के साथ घर से गैस एजेंसी में गैस सिलेंडर भरवाने के लिए निकला था।
बताया जा रहा है कि जब गैस एजेंसी में सिलेंडर नहीं भरा गया तो तीनों दोस्त देहर खड्ड की ओर चले गए। भीषण गर्मी के बीच तीनों ने खड्ड में नहाने का फैसला किया और पानी में उतर गए। इसी दौरान अचानक वंश गहरे पानी में चला गया और संतुलन बिगड़ने से डूबने लगा। घटना को देख उसके दोस्तों ने घबराकर शोर मचाया और आसपास के लोगों से मदद की गुहार लगाई।
ची-पुकार सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे।

ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद वंश को पानी से बाहर निकाला और गंभीर हालत में तुरंत सिविल अस्पताल ज्वाली पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने तक काफी देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद छात्र को मृत घोषित कर दिया।


घटना की सूचना मिलते ही जवाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटना के समय मौजूद मृतक के दोस्तों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा सके।

मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि देहर खड्ड में एक युवक के डूबने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है तथा मामले की जांच जारी है।
फिलहाल इस दर्दनाक हादसे ने पूरे कर्डियाल गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। एक होनहार छात्र की असमय मौत से परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों में शोक का माहौल है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!